धारः अतिक्रमण हटाने पहुंचे दल पर ग्रामीणों ने किया पथराव, थाना प्रभारी और महिला पुलिसकर्मी घायल
धार, 07 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के सिरसोदिया गांव में शनिवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। जिसमें धामनोद थाना प्रभारी सहित एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गए तथा तहसीलदार की गाड़ी के कांच फोड़ डाले।
अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए हाईवे पर भी आवागमन प्रभावित हो गया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह प्रशासनिक अमला अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए सिरसोदिया गांव पहुंचा था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। विरोध कर रहे लोगों ने प्रशासनिक टीम पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पथराव में थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे सहित एक महिला पुलिसकर्मी को चोट आई है। थाना प्रभारी को टोल एंबुलेंस से धामनोद के लिए रेफर किया गया। वहीं एक महिला कांस्टेबल का इलाज धामनोद अस्पताल में चल रहा है।
पथराव के दौरान तहसीलदार की सरकारी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया और वाहन के कांच फोड़ दिए गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पथराव करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

