जगदलपुर:धार गैंग का सदस्य पकड़ाया, खपाता था चोरी का सोने-चांदी
जगदलपुर, 03 मार्च (हि.स.)। बस्तर जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बीच पुलिस ने मध्यप्रदेश के धार जिले के कुख्यात गैंग से जुड़े एक सक्रिय आरोपित को गिरफ्तार किया गया है, जो चोरी किए गए सोने-चांदी को खपाने का काम करता था। इससे पहले इसी गैंग के चार अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
मामले में पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, एएसपी महेश्वर नाग के निर्देश में बस्तर पुलिस की टीम को मध्यप्रदेश रवाना किया गया । टीम ने धार जिले के थाना टांडा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपलदलिया में दबिश देकर आरोपित रमेश चौहान (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मेश चौहान ने स्वीकार किया कि वह गिरफ्तार चारों आरोपितों से चोरी का माल लेकर उसे आगे खपाने का काम करता था। जांच में यह भी सामने आया कि उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में कुल 83 अपराध दर्ज हैं और 60 स्थायी वारंट लंबित हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना बस्तर में दर्ज अपराध क्रमांक 15/2024 धारा 457, 380, 34 भादवि एवं अपराध क्रमांक 116/2025 धारा 331 (4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए पहले पारस अलावा उर्फ अम्लियार, दीतू अलावा उर्फ अम्लिया, भुवन सिंह अलावा और पंकेश अनारे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। पूछताछ में सामने आया कि चोरी किए गए सोने-चांदी को खपाने का काम मध्यप्रदेश के धार जिले का निवासी रमेश चौहान करता था। पुलिस के मुताबिक, पिछले दो माह में धार गैंग के कुल पांच सक्रिय आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बस्तर जिले के आड़ावाल, सनसिटी हाउसिंग बोर्ड और बस्तर हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा इसी कार्रवाई से हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

