धार के बदनावर में भीषण सड़क हादसा, पति-पत्नी और बेटी की मौत; ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
धार, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के बदनावर में शनिवार सुबह महू-नीमच फोरलेन पर पिटगारा तिराहे के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में पति-पत्नी और उनकी 14 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया।
मृतकों की पहचान राहुल पुत्र निर्भय सिंह भाटी (35), उनकी पत्नी पूजा (30) और बेटी सुमन (14) के रूप में हुई है। हादसे में उनकी छोटी बेटी शिवानी (12) गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे तत्काल बदनावर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे रतलाम रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल अपनी पत्नी पूजा और दोनों बेटियों के साथ बाइक से ग्राम धमाना में लहसुन की बोवनी करने जा रहा था। इसी दौरान पिटगारा तिराहे के पास पीछे से तेज गति से आए ट्राले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्राला बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया। इसके बाद बाइक अलग हो गई और चालक ट्राला लेकर मौके से भाग निकला। दुर्घटना में बाइक क्रमांक एमपी 43 ईएफ 2220 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। तीन लोगों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर महू-नीमच फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले जाम के कारण रतलाम-इंदौर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने पिटगारा तिराहे पर स्पीड ब्रेकर बनाने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। सूचना मिलने पर एसडीएम प्रियंका मिमरोट, एसडीओपी अरविंदसिंह तोमर, टीआई अमितसिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से ग्राम धमाना सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का नाबालिग बेटा दिलखुश हादसे के समय घर पर था, इसलिए वह सुरक्षित बच गया। अब परिवार में वही अकेला बचा है। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाए और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्राला चालक और वाहन की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

