देवास में पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, दोस्त को बचाने गया था, 6 आरोपी नामजद
देवास, 17 अप्रैल (हि.स.)। देवास के भवानी सागर क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते 19 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लड्डू उर्फ शुभम नाथ गुरुवार रात घर पर था, तभी उसके दोस्त गौतम (23) का फोन आया। गौतम ने बताया कि कुछ लोग उसे रोककर विवाद कर रहे हैं। इस पर शुभम देर रात करीब 1 बजे मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते विवाद अचानक बढ़ गया और दो आरोपियों ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली शुभम के सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गौतम के पैर में गोली लगी।
फायरिंग के बाद मारपीट और तोड़फोड़
घटना के दौरान आरोपियों ने हथियारों से मारपीट भी की और एक कार में तोड़फोड़ की। परिजन दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल गौतम को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। मृतक टेकरी क्षेत्र में नारियल-प्रसाद और फोटो की दुकान चलाता था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी उससे वसूली की मांग करते थे और पहले भी उसकी बाइक जला चुके थे। वहीं पुलिस रिकॉर्ड में दोनों पक्षों के खिलाफ पूर्व में भी मामले दर्ज होने की बात सामने आई है।
मुख्य आरोपी भी घायल, अस्पताल में भर्ती
नाहर दरवाजा थाना प्रभारी अमित सोलंकी के अनुसार, वरुण बाली, रितिक सिहोते, तुषार सिहोते, मट्टू सिहोते, राहुल उर्फ शूटर और विपिन बाली सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें इंदौर समेत अन्य स्थानों पर दबिश दे रही हैं। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी वरुण बाली भी घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है।
परिजनों ने लगाए धमकी के आरोप
मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि घटना के बाद कुछ लोग अस्पताल पहुंचे और उन्हें धमकी दी कि “एक को मार दिया, दूसरे को भी देख लेंगे।” परिजनों ने सुरक्षा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

