देवास : सड़क हादसे में पीडब्ल्यूडी एसडीओ की मौत, परिवार को लेने धार जा रहे थे
देवास, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) बैतूल में पदस्थ उप संभागीय अधिकारी (एसडीओ) दरयाव सिंह परमार की शुक्रवार दोपहर देवास जिले के कन्नौद क्षेत्र में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। वे अपने परिवार को लेने के लिए बोलेरो वाहन से धार जा रहे थे। हादसे में उनके सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कन्नौद क्षेत्र से गुजरते समय उनकी बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी कंक्रीट की दीवार तथा लोहे के ढांचे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और गंभीर रूप से घायल दरयाव सिंह परमार को कन्नौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में उनके सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं।
2021 में देवास से हुआ था बैतूल तबादला
दरयाव सिंह परमार वर्ष 2021 में देवास से स्थानांतरित होकर बैतूल आए थे और वर्तमान में लोक निर्माण विभाग में एसडीओ के पद पर कार्यरत थे। उनकी असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। परमार अपने पीछे पत्नी, 12 वर्षीय बेटी और 7 वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। हादसे की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। बताया गया है कि वे परिवार को लेने के लिए ही धार जा रहे थे।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाया जा रहा है। शव का पोस्टमार्टम कन्नौद में कराया जाएगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस दुखद हादसे ने विभागीय कर्मचारियों और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है। अधिकारियों ने दिवंगत एसडीओ को कर्मठ, मिलनसार और जिम्मेदार अधिकारी बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

