देवास: ठेला लगाने के विवाद में बीच बाजार खूनी संघर्ष, फल विक्रेता और दो बेटों पर लाठी-डंडों से हमला
देवास, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास शहर के शुक्रवारिया क्षेत्र में फल का ठेला लगाने को लेकर चल रहा पुराना विवाद गुरुवार को हिंसक झड़प में बदल गया। बीच बाजार कुछ लोगों ने कथित तौर पर फल विक्रेता और उसके दो बेटों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
घायलों की पहचान आजाद तथा उनके बेटे अयान और फैजान के रूप में हुई है। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, तीनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है। घायलों का आरोप है कि वे लंबे समय से शुक्रवारिया क्षेत्र में फल का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। इसी स्थान पर ठेला लगाने को लेकर कुछ लोगों से पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। उनका कहना है कि उन्हें कई बार ठेला हटाने की धमकी दी गई थी। गुरुवार को इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
घटना व्यस्त बाजार क्षेत्र में होने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक शुरू हुई मारपीट से लोग इधर-उधर भागने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में कुछ लोग तीनों पर डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि में जुटी है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में विवाद ठेला लगाने को लेकर सामने आया है। घायलों के बयान, वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

