मैहरः देवीधाम क्षेत्र में मिला अज्ञात नवजात, पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया
मैहर, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिला मुख्यालय स्थित देवी धाम क्षेत्र में रविवार सुबह एक अज्ञात नवजात बच्चा मिला है। बताया जा रहा है कि बच्चा लगभग 2-3 माह का है। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को स्थानीय सिविल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में नवजात को (न्यूबॉर्न बेबी स्टेबलाइजेशन यूनिट) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। फिलहाल बच्चे की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। मैहर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों के सी सी टी वी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बच्चे को छोड़ने वाले परिजनों या संबंधित व्यक्तियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को इस संबंध में कोई जानकारी हो, तो तुरंत नजदीकी थाने में सूचित करें।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

