home page

पुलिस ने किया संदिग्ध बांग्लादेशी युवक को दस्तयाब

 | 
पुलिस ने किया संदिग्ध बांग्लादेशी युवक को दस्तयाब


जयपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। अजमेर जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के अभियान के तहत सोमवार को 29वीं कार्रवाई करते हुए एक युवक को दस्तयाब किया है। पकड़े गए युवक की पहचान 35 वर्षीय जाहिदुल उर्फ जाहिद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वयं को बांग्लादेशी नागरिक बताते हुए वर्ष 2011 में अवैध रूप से सीमा पार कर भारत आने की बात स्वीकार की है। इस कार्रवाई के साथ अजमेर जिले में अब तक दस्तयाब किए गए संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों की संख्या 67 हो गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि इस अभियान के तहत गठित टीम ने मुखबिरों से मिली सूचनाओं, तकनीकी साधनों और अन्य जानकारियों के आधार पर दरगाह बाजार, जालियान कब्रिस्तान, अंदरकोट, नई सड़क, तारागढ़ की पहाड़ी, सिलावट मोहल्ला, बड़े पीर का चिल्ला, लंगर खाना गली, चश्मा-ए-नूर तारागढ़, त्रिपोलिया गेट, सोहले खंभा, झालरा और लाखन कोटड़ी सहित विभिन्न संभावित क्षेत्रों में तलाश की।

इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को डिटेन कर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम जाहिदुल उर्फ जाहिद (35) पुत्र मोहम्मद रूबिजलहक निवासी गांव बोयरापारा, थाना धवनगंज, जिला जमालपुर, विभाग मेमनसिंह, बांग्लादेश बताया। इसके बाद दरगाह थाना पुलिस और सीआईडी जोन की टीम उसे थाने लेकर आई और पूछताछ शुरू की।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में जाहिदुल ने बताया कि उसने वर्ष 2011 में बांग्लादेश के बेनापोल बॉर्डर से अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था। इसके बाद वह पश्चिम बंगाल से ट्रेन के जरिए दिल्ली पहुंचा और करीब छह महीने तक वहां रहा। फिर हरिद्वार में लगभग एक वर्ष तक खानाबदोश के रूप में रहा। वर्ष 2013-14 में अजमेर दरगाह शरीफ पहुंचा और यहां भी खानाबदोश के रूप में जीवनयापन करने लगा।

पूछताछ में उसने बताया कि इस दौरान वह बेंगलुरु, पुणे, दिल्ली और गुजरात सहित विभिन्न स्थानों पर करीब दो से तीन वर्ष तक रहा। इसके बाद वापस अजमेर आ गया। पुलिस उसके भारत में प्रवेश, विभिन्न स्थानों पर रहने और अन्य संपर्कों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। उससे गहन पूछताछ जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश