सूने घर में युवक ने फांसी लगाकर दी जान
बांदा, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अतर्रा कस्बे के सुलक थोक मोहल्ले में गुरुवार सुबह एक युवक का शव घर के कमरे में पंखे से गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला। सुबह करीब आठ बजे तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो युवक का शव फंदे से लटकता नजर आया। यह खबर फैलते ही मोहल्ले में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार सुलक थोक निवासी धर्मेंद्र सिंह (36) पुत्र दिरपाल सिंह घर में अकेला रहता था। पड़ोसियों ने कमरे के अंदर उसका शव लटका देखा तो सतना में रह रहे उसके बड़े भाई को सूचना दी। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। जानकारी मिलते ही बड़ा भाई अतर्रा पहुंचा। मृतक के भतीजे अभिषेक ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज प्रवीण सिंह ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए अंतिम संस्कार कर दिया।
बताया जाता है कि धर्मेंद्र दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह भूमिहीन होने के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। नशे का भी आदी बताया जाता है। उसकी पत्नी ने भी कुछ वर्ष पूर्व फांसी लगाकर जान दे दी थी। युवक के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात भी सामने आई है। आर्थिक तंगी और विपरीत पारिवारिक परिस्थितियों से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार राय ने बताया कि युवक ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

