home page

डिप्टी कलेक्टर पर दुष्कर्म का मामला दर्ज, एफआईआर के बाद गिरफ्तार

 | 
डिप्टी कलेक्टर पर दुष्कर्म का मामला दर्ज, एफआईआर के बाद गिरफ्तार


32 वर्षीय युवती का आरोप है कि 5 करोड़ और एक माह के लिए दूसरे व्यक्ति के साथ भेजने की रखी मांग

मुरैना 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में पदस्थ रहे डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज हुआ है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने 32 वर्षीय युवती की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीडि़ता ने अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी का वादा कर लंबे समय तक शारीरिक शोषण किया और बाद में शादी से इनकार कर दिया। यहीं नहीं शादी के नाम पर 5 करोड रूपये और एक माह के लिए युवती को किसी अन्य व्यक्ति के साथ भेजने जैसी आपत्तिजनक मांग भी रखी थी। एफआईआर के बाद गुरुवार को पुलिस ने डिप्टी कलेक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मुरैना की रहने वाली 32 वर्षीय युवती ने सिविल लाइन थाना पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि वर्ष 2025 की शुरुआत में उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से अरविंद माहौर से हुई थी। उस समय माहौर सबलगढ़ में एसडीएम के पद पर पदस्थ थे। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ। पीडि़ता का आरोप है कि अधिकारी ने उससे शादी करने का वादा किया।

पीडि़ता ने बताया कि 30 मार्च 2025 को उसे घूमाने के बहाने मुरैना रेस्ट हाउस के पीछे ले जाकर दुष्कर्म किया गया। इसके बाद सरकारी आवास मे शारीरिक संबंध बनाए। हर बार वह शादी का वायदा करता रहा। इसके बाद ग्वालियर स्थित एक फ्लैट में भी कई बार उसका शोषण किया गया। युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी अधिकारी ने शादी के बदले पांच करोड़ रुपये नकद और एक माह के लिए युवती को किसी अन्य व्यक्ति के साथ भेजने जैसी आपत्तिजनक मांग की थी। शिकायत में मोबाइल फोन में मौजूद कुछ वीडियो और अन्य साक्ष्यों का भी उल्लेख किया गया है।

पीडि़ता के अनुसार, जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने शादी से साफ इंकार कर दिया और शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मरवाने की धमकी दी। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने डिप्टी कलेक्टर के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि जिले की सिविल लाइन थाना पुलिस ने बीती रात में ही डिप्टी कलेक्टर को हिरासत में लिया है।

डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर इससे पहले भी कई बार सुर्खियों में रहे है। जब वह सबलगढ में एसडीएम के पद पर थे। उस वक्त एक महिला से अभद्रता कर दी थी। जिसका वीडियो भी वाइरल हुआ था। मामला प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के सामने पहुंचा तो उन्होंने गंभीरता से लेते हुए अरविंद माहौर को निंलबित कर दिया था। तत्कालीन समय से उक्त डिप्टी कलेक्टर मुरैना जिला मुख्यालय पर पदस्थ होकर कार्य कर रहा था।

थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा मामले की जांच महिला थाना प्रभारी नेहा शर्मा को सौंपी गई है। जब कि इसकी विवेचना थाना पुलिस द्वारा ही की जाएगी। आज थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा आरोपी डिप्टी कलेक्टर को न्यायालय के समक्ष पेश कर पूछताछ के लिए रिमाइंड लिए जाने की संभावना है।

मुरैना सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव ने गुरूवार को बताया कि पीडि़ता ने शिकायत दर्ज कराई है कि शादी का झांसा देकर उसके साथ गलत काम किया है। लगातार शादी के नाम पर वह उसका शारीरिक शोषण कर रहे थे। एफआईआर के बाद रात को गिरफ्तार कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा