home page

देवरिया : मारपीट में घायल युवक की मौत, हत्या के मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
देवरिया : मारपीट में घायल युवक की मौत, हत्या के मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार


देवरिया, 22 अगस्त (हि.स.)। कोतवाली पुलिस ने मारपीट के दौरान घायल युवक की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में तीन वांछित आरोपितों को सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज मेहड़ा पूरवा के पास से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बांकी बरई टोला निवासी राजन कन्नौजिया (36), कोतवाली क्षेत्र के रूच्चापार निवासी भीम यादव उर्फ नीरज यादव (32) और गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बेलडरिया टोला खटही निवासी सतीश यादव (28) के रूप में हुई है।

घटना 17 अगस्त की बताई गई है। शर्मा ढाबे के पास पुरानी रंजिश को लेकर रामशरन सिंह निवासी बैतालपुर और उनके मित्र अमित शर्मा निवासी बलुआ को अशोक यादव और विपुल समेत छह-सात अन्य लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। दोनों का मेडिकल कॉलेज देवरिया में इलाज चल रहा था।

इलाज के दौरान 20 अगस्त को अमित शर्मा की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में साक्ष्यों के आधार पर हत्या से संबंधित धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की। इस मामले में पहले 19 अगस्त को रामशरन सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। नामजद आरोपित अशोक यादव, विपुल समेत अन्य वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय, कांस्टेबल प्रदीप यादव, कांस्टेबल दीपक यादव और महिला कांस्टेबल रेखा शामिल रहीं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक