देवरिया : वाहन चोर गिरफ्तार, पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
देवरिया, 04 नवंबर (हि.स.) । जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में कोतवाली पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने बुधवार काे एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपित बिहार के सिवान जिले का रहने वाला है। बरामद मोटरसाइकिलों में तीन देवरिया जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित पाई गई हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद पांडे ने बताया कि बरियारपुर थाना क्षेत्र के चकरवा धूस उर्फ पनसरही निवासी विवेकानंद द्विवेदी 19 सितंबर को अपने पिता की दवा लेने तिलक रोड स्थित अजय फार्मा आए थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल दुकान के सामने खड़ी की थी। दवा लेकर लौटे तो मोटरसाइकिल गायब थी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस तीन नवंबर को कोतवाली पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने चीनी मिल ग्राउंड के किनारे से मुहम्मद अफ्फान उर्फ मासूम (24) पुत्र मोहम्मद हारुल निवासी मिसकढ़ी मैरवा, थाना मैरवा, जिला सिवान (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
बरामद मोटरसाइकिलों में तीन देवरिया जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज मुकदमों से जुड़ी मिलीं। इनमें कोतवाली क्षेत्र से चोरी हुई हीरो एचएफ डीलक्स, सलेमपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई स्प्लेंडर प्लस और रामपुर कारखाना क्षेत्र से चोरी हुई एक अन्य मोटरसाइकिल शामिल है। अन्य दो मोटरसाइकिलों के वाहन स्वामियों की जानकारी भी पुलिस ने जुटाई है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और 317(5) की बढ़ोतरी करते हुए आरोपित के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

