शादी के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी करने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार
देवरिया, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया जिले में भलुअनी थाना पुलिस ने शादी कराने के नाम पर धोखाधड़ी कर रुपये वसूलने के मामले में शनिवार काे दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 40 हजार नकद रुपये बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपितों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि भलुअनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हरनाैटा निवासी मीना देवी (45) और परसिया तिवारी निवासी गीता देवी (48) को करमटार शेरखां गांव के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत निवासी रविन्द्र ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 जुलाई को तरकुलहा स्थित एक मैरेज हॉल में गोल्डी यादव युवती से उसकी शादी कराई गई। इसके बाद आरोपित महिलाओं ने फर्जी मुकदमे में फंसाने का भय दिखाकर उससे 10 लाख रुपये वसूल लिए और फरार हो गईं। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों महिलाओं के पास से 20-20 हजार कुल 40 हजार रुपये नकद बरामद किए।
इस संबंध में पहले से दर्ज मुकदमे में बरामदगी से संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

