देवरिया : बिहार ले जा रहें 215 पेटी अवैध शराब के साथ ट्रक चालक गिरफ्तार
देवरिया, 17 सितंबर (हि.स.)। देवरिया कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को पालिटेक्निक कॉलेज मेहड़ा पुरवा के पास चेकिंग के दौरान एक ट्रक से चंडीगढ़ निर्मित 215 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब की कुल मात्रा 1910.88 लीटर है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख और ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एक सूचना पर कोतवाली पुलिस ने पालिटेक्निक कॉलेज मेहड़ा पुरवा के पास बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान ट्रक संख्या (एमपी 3 जीबी 8677) को रोककर तलाशी ली गई।
ट्रक के डाले के ऊपर अलग से लोहे की बॉडी लगाकर उसे ऊंचा किया गया था। ऊपर प्लाई का तख्ता लगाया गया था और आगे लोहे की चादर से पार्टीशन बनाया गया था। बाहर से ट्रक खाली दिखाई दे रहा था, लेकिन तलाशी लेने पर उसके अंदर शराब की पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब में मैकडॉवल की 750 एमएल की 40 पेटी, 375 एमएल की 40 पेटी और 180 एमएल की 25 पेटी तथा इम्पीरियल ब्लू की 750 एमएल की 28 पेटी, 375 एमएल की 40 पेटी और 180 एमएल की 42 पेटी शामिल हैं। शराब की बोतलों पर चंडीगढ़ में बिक्री के लिए होने का उल्लेख अंकित है। उन्होंने बताया कि
गिरफ्तार आरोपित की पहचान दल्लाराम (40) पुत्र नैना राम निवासी बायतू भीमजी, थाना बायतू, जिला बाड़मेर, राजस्थान के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक वह चंडीगढ़ से शराब लादकर बिहार ले जा रहा था। बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर ऊंचे दाम पर बेचने के उद्देश्य से तस्करी किए जाने की आशंका है। आरोपी के पास शराब परिवहन संबंधी वैध कागजात नहीं मिले।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया है। अन्य संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

