देवरिया में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बेटे ने पिता के सिर पर लकड़ी से किया प्रहार, मौत
देवरिया, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक बेटे ने अपने पिता के सिर पर लकड़ी से शुक्रवार की शाम को हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता को मेडिकल कॉलेज देवरिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई।
क्षेत्राधिकारी बरहज रंजना सचान के अनुसार, शुक्रवार की शाम करीब छह बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। सुनील उर्फ सत्तू ने अपने पिता रामअवतार राय से शराब पीने के लिए रुपये मांगे थे। पिता ने रुपये देने से इनकार कर दिया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान सुनील ने लकड़ी से पिता के सिर पर वार कर दिया। हमले में रामअवतार राय के सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल रामअवतार राय को तत्काल एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज देवरिया पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी बरहज ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। पुलिस मामले से संबंधित आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

