देवरिया : पुरानी रंजिश में घर में घुसकर हमला करने के मामले में छह गिरफ्तार
देवरिया, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित रजला चौहान टोला (भर टोला) में पुरानी रंजिश में घर में घुसकर हमला करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को कोतवाली परिसर के गेट के पास से छह आरोपिताें को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि 18 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे रजला टोला निवासी नेहा देवी, पति अर्जुन राजभर के साथ बाइक से बाजार जा रही थीं। रास्ते में पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोका और मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह जान बचाकर दंपती घर पहुंचे तो आरोप है कि विपक्षियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडे, चाकू और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस घटना में नेहा देवी, उनके पति अर्जुन, देवर पंकज, अभिषेक, संतोष, सिरजावती और आशा घायल हो गई। हमलावरों ने उनके वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले में वांछित अभिषेक राजभर, अर्जुन राजभर, निकेश राजभर, विकास राजभर, आकाश राजभर और मुकेश राजभर निवासी रजला चौहान टोला को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
--------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

