देवरिया : ब्रेकर बनाने के विवाद में आरएसएस स्वयंसेवक की पीटकर हत्या
देवरिया, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में लार थाना क्षेत्र स्थित रक्सा गांव में सड़क पर ब्रेकर बनाने को लेकर हुए विवाद में बीतीरात काे राष्ट्रीय स्वयं संघ (आरएसएस) कार्यकर्ता रामेश्वर तिवारी (50) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामेश्वर खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और 10 साल से अधिक समय से आरएसएस से जुड़े थे। परिवार का कहना है कि रक्सा गांव में सड़क पर ब्रेकर बनाने को लेकर उनका पट्टीदारों से विवाद चल रहा था। एक अक्टूबर को इसी बात को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हुई, जिसमें रामेश्वर को गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि रामेश्वर को 19 सितंबर को जान से मारने की धमकी दी थी। उन्होंने अगले दिन 20 सितंबर को लार पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर घटना की जानकारी देते हुए सुरक्षा की मांग की थी। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसके बाद एक अक्टूबर को विवाद हुआ और मारपीट में रामेश्वर की जान चली गई। हालांकि, पुलिस स्तर पर पूर्व शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई थी, इसकी स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी। रामेश्वर की हत्या के बाद परिजनों ने उनके पिता और ट्रैक्टर चालक की पुरानी हत्याओं का भी जिक्र किया है।
वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने गुरुवार रात घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर घटना की जानकारी ली और घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। परिजनों से भी बातचीत कर विवाद और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जांच में तेजी लाने और आरोपिताें की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एसपी का कहना है कि घटना के बाद से आराेपित घर से फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही है।इस पूरे घटना की जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

