देवरिया : नाबालिग को शादी के लिए बहला-फुसलाकर ले जाने वाला युवक गिरफ्तार, बालिका बरामद
-बनकटा पुलिस ने इंदरवा मोड़ के पास की कार्रवाई, पीड़िता को मां के सुपुर्द किया
देवरिया, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के बनकटा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका को शादी करने के उद्देश्य से बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक अभिनन्दन कुशवाहा (23) पुत्र उमाशंकर सिंह, निवासी मैदानिया, थाना मैरवा, जिला सिवान, बिहार काे गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद बालिका को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में विवेचना के दौरान साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराएं बढ़ाई गई हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 26 नवंबर को बनकटा थाना क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका को शादी करने के उद्देश्य से बहला-फुसलाकर ले जाने के संबंध में उसकी मां ने थाने में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू किया । उन्होंने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने देर रात इंदरवा मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया गया। पुलिस ने बालिका को आवश्यक कार्रवाई के बाद उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।
उन्होंने बताया कि विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) का समावेश किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

