देवरिया पुलिस ने एक वाहन चाेर किया गिरफ्तार, छह बाइक बरामद
देवरिया, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के सदर कोतवाली पुलिस और जनपदीय एंटी थेफ्ट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक अभियुक्त और चार बालकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिल बरामद की हैं। साथ ही पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी की 10 घटनाओं का सफल अनावरण किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने शुक्रवार काे बताया कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने 23/24 जुलाई की रात मुखबिर की सूचना पर कसया ढाला मालगोदाम के पास छापेमारी कर आरोपितों को गिरफ्तार किया। अभियुक्त की पहचान संतोष मध्देशिया (48) पुत्र मुखलाल मध्देशिया, निवासी धनौती खुर्द, थाना कोतवाली के रूप में हुई है। उसके साथ चार विधि विरुद्ध बालकों को भी पकड़ा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिल बरामद की, जिनमें विभिन्न मॉडल की हीरो स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स बाइक शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर कसया ढाला स्थित मालगोदाम के पास छिपाकर रखते थे। मौका मिलने पर चोरी के वाहनों को बिहार में बेच देते थे। पूछताछ के दौरान उन्होंने पांच अन्य चोरी के वाहनों को बिहार में बेचने की भी जानकारी दी। इस कार्रवाई से वाहन चोरी के कुल 10 मुकदमों का अनावरण हुआ है, जिनमें कोतवाली थाना क्षेत्र के नौ तथा भाटपार रानी थाना क्षेत्र का एक मामला शामिल है। उन्होंने बताया कि आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

