देवरिया : शादी का दबाव बनाने पर शिक्षिका की गला दबाकर हत्या, स्कूल प्रबंधक गिरफ्तार
- मृतका गोरखपुर के झंगहा क्षेत्र की रहने वाली थी, आरोपित के स्कूल में शिक्षिका थी
देवरिया, 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद रुद्रपुर थाना क्षेत्र में शिक्षिका की हत्या कर शव फेंकने की घटना का पुलिस ने मंगलवार काे खुलासा कर दिया है। शिक्षिका द्वारा शादी का दबाव बनाने से नाराज स्कूल प्रबंधक ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को वैगनआर कार की डिग्गी में रखकर पूरे दिन इधर-उधर घूमता रहा और शाम को श्रीनेत ग्लोबल स्कूल के पास शव फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में आराेपित स्कूल प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने मंगलवार काे पुलिस लाइन में प्रेक्षागृह में पत्रकार वार्ता में बताया कि 31 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि एक व्यक्ति वैगनआर कार से महिला का शव श्रीनेत ग्लोबल स्कूल के पास फेंककर भाग गया है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे और मृतका की पहचान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस टीमें गठित की गईं।
जांच के दौरान मृतका की पहचान रानी विश्वकर्मा पुत्री सुभाष चंद्र विश्वकर्मा निवासी खुरुहरी, पोस्ट कन्हौली, हरैया झंगहा, गोरखपुर के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि पिता की तहरीर पर पुलिस ने वीएन सेंट्रल एकेडमी, ब्रह्मपुर नई बाजार गोरखपुर के प्रबंधक विजय निषाद के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि विजय निषाद शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।
उन्होंने बताया कि उसके विद्यालय में रानी विश्वकर्मा शिक्षिका थी। दोनों के बीच नजदीकी संबंध हो गए थे। पुलिस के अनुसार, रानी उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
आरोप है कि 31 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे रानी विद्यालय पहुंची और फिर शादी की बात करने लगी। विजय ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी।
उन्होंने बताया कि इसके बाद सुबह करीब 9:20 बजे वह रानी को अपनी वैगनआर कार संख्या यूपी 53 एफएफ 9352 में बैठाकर मिठाबेल गांव के बाहर सुनसान कच्चे रास्ते पर ले गया। वहां करीब 9:30 से 10 बजे के बीच कार की बीच वाली सीट पर उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपित ने शव को कार की डिग्गी में रखकर ढक दिया और पूरे दिन शव को लेकर इधर-उधर घूमता रहा।
उन्होंने बताया कि शाम होने का इंतजार करते हुए वह चौरीचौरा की तरफ भी गया। रास्ते में बनकट और बैरही के बीच उसने चलती कार से रानी का मोबाइल तोड़कर मोबाइल, कवर और एटीएम कार्ड फेंक दिया। इसके बाद रात में श्रीनेत ग्लोबल स्कूल के पास शव फेंककर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपित विजय निषाद पुत्र रामदयाल निषाद निवासी ब्रह्मपुर टोला घोंठ, थाना रुद्रपुर को निबही मोड़ से रुद्रपुर की तरफ जाने वाली सड़क से गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार, एटीएम कार्ड मय कवर और मोबाइल का फ्लिप कवर बरामद किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर, उपनिरीक्षक सौरभ सिंह, सुमित राजभर, कांस्टेबल राजन सरोज, मुकेश कुमार और महिला कांस्टेबल रागिनी मौर्य शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से रिमांड स्वीकृत होने के बाद उसे जिला कारागार भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

