home page

देवरिया: पुलिस ने तीन चाेराें काे किया गिरफ्तार, आठ बाइक बरामद

 | 
देवरिया: पुलिस ने तीन चाेराें काे किया गिरफ्तार, आठ बाइक बरामद


देवरिया, 29 मार्च (हि.स.)। कोतवाली और एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने रविवार को वाहन चोरी की तीन घटनाओं का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने इस दौरान आठ चोरी की मोटरसाइकिल, एक अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद करते हुए तीन शातिर चाेराें काे गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने पत्रकाराें काे बताया कि पुलिस ने एक सूचना पर सिंचाई विभाग चौराहे के पास से दो अभियुक्त नागेंद्र गौड़ और नितेश कुमार को गिरफ्तार कियाा। उनके पास से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं, जिनमें एक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। नागेंद्र के पास से एक अवैध 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने अपने साथी बिट्टू कुमार के साथ मिलकर वाहन चोरी करने की बात कबूल की। उन्होंने बताया कि चोरी के बाद वे वाहनों के नंबर प्लेट बदलकर उन्हें छिपा देते थे और मौका मिलते ही बेच देते थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनकी निशानदेही पर तीसरे अभियुक्त बिट्टू कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 6 अन्य चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गईं। बरामद सभी वाहनों के संबंध में थाना कोतवाली में विभिन्न मुकदमे पहले से दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इस पूरी कार्रवाई के तहत पुलिस ने 8 मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और एक कारतूस बरामद किया है। आरोपिताें के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक