home page

देवरिया में 126 पेटी शराब के साथ आठ तस्कर गिरफ्तार, आठ बाइक भी बरामद

 | 
देवरिया में 126 पेटी शराब के साथ आठ तस्कर गिरफ्तार, आठ बाइक भी बरामद


देवरिया, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की श्रीरामपुर थाना पुलिस ने बुधवार को अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बिहार ले जाई जा रही 126 पेटी अवैध देशी शराब, आठ मोटरसाइकिल और चार फर्जी नंबर प्लेट बरामद करते हुए आठ तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक चोरी की मोटरसाइकिल का भी खुलासा हुआ है।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि श्रीरामपुर पुलिस मैदनिया तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मैदनिया देशी शराब की दुकान के पास कुछ लोग मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट बदलकर अवैध शराब बिहार ले जाने की तैयारी में हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आठ मोटरसाइकिलों पर प्लास्टिक की बोरियों में लदी 103 पेटी बंटी बबली और 23 पेटी रोमियो राजा ब्रांड की देशी शराब बरामद की। कुल 126 पेटी शराब में 5,670 पाउच (प्रत्येक 200 एमएल) यानी कुल 1,134 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। साथ ही आठ मोटरसाइकिल और चार फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की राजभर, राहुल कुमार गुप्ता, नीपू कुमार बैठा, प्रियांशु कुमार सिंह, विशाल तिवारी, राहुल कुमार यादव, यश सिंह और नितेश कुमार पाठक के रूप में हुई। सभी आरोपी बिहार के सिवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट बदलकर तथा चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर उत्तर प्रदेश से शराब बिहार ले जाकर बेचते थे। जांच में तीन मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट लगी मिली, जबकि एक बाइक बिहार के सिवान जिले से चोरी की निकली। इस संबंध में दर्ज चोरी के मुकदमे का भी पुलिस ने सफल अनावरण किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक