वांछित 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
देवरिया, 27 जुलाई (हि.स.)। जनपद की भाटपार रानी थाना पुलिस ने साेमवार काे स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश काे गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि सोमवार को सूचना पर महुजा रोड स्थित सोहगरा धाम के पास से बिहार राज्य के विशुनपुरा गांव निवासी लालबचन यादव (54) को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई की देर रात थाना लार और थाना भाटपार रानी की संयुक्त कार्रवाई में एक पिकअप वाहन से आठ गोवंशीय पशुओं को बिहार ले जाते समय चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में चार अन्य आरोपिताें के नाम भी सामने आए थे। इस मामले में थाना भाटपार रानी पर गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में फरार चल रहे लालबचन यादव की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सोमवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

