देवरिया : पुलिस ने सामान समेत दाे चाेराें काे किया गिरफ्तार
देवरिया, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में कोतवाली पुलिस ने सोलर आधारित आरओ वाटर कूलर से बैटरी चोरी के मामले में दो आरोपिताें को बुधवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की बैटरी, सामान बेचकर मिले 8,760 रुपये और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान आरिफ अंसारी पुत्र सलाउद्दीन अंसारी निवासी सकरापार, थाना कोतवाली और अरसद अंसारी पुत्र मुख्तार अहमद निवासी खरजरवा, थाना कोतवाली के रूप में हुई है। टीम ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर दोनों को माल गोदाम के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार शासन की पेयजल योजना के तहत सोमनाथ मंदिर के पास सोलर आधारित आरओ वाटर कूलर लगाया गया है। 11 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने वाटर कूलर की इन्वर्टर बैटरी चोरी कर ली थी। मामले में तहरीर के आधार पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर दोनों आरोपिताें के नाम प्रकाश में आए। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की बैटरी और चोरी का सामान बेचकर मिले 8,760 रुपये बरामद किए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त टीवीएस स्कूटी संख्या यूपी 52 सीएफ 3924 भी बरामद की गई।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

