देवरिया : अपहरण के मामले में एक आरोपित गिरफ्तार, युवक सकुशल बरामद
देवरिया, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया की महुआडीह पुलिस ने अपहरण के मामले में एक आरोपित को मऊ जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहृत युवक को पहले ही गोरखपुर से सकुशल बरामद कर लिया था। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के चाल्हा गांव निवासी अभिषेक चौहान (23) के रूप में हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरीआनंद कुमार पांडे ने बताया कि 28 सितंबर को रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के पिपरा मदन गोपाल निवासी विजयलक्ष्मी देवी ने महुआडीह थाने में सूचना दी थी कि उनका पुत्र आयुष सिंह (23) बलटिकरा मुख्य मार्ग पर पंचर की दुकान के पास मौजूद था। इसी दौरान काले रंग की टाटा हैरियर में सवार लोगों ने उसे जबरन वाहन में बैठाकर अपहरण कर लिया।
उन्होंने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 29 सितंबर को आयुष को गोरखपुर के पैडलेगंज चौराहे के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक विवेचना और पीड़ित के बयान में सामने आया कि आरोपितों ने युवक के साथ मारपीट की और उसके परिचित से व्हाट्सऐप के जरिए करीब 35 से 40 हजार यूएसडीटी की फिरौती मांगने का प्रयास किया। जांच में अभिषेक चौहान की भूमिका सामने आने पर उसे गुरुवार को रानीपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है। घटना में प्रयुक्त टाटा हैरियर और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के संबंध में जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

