देवरिया : हत्या के मामले में फरार तीसरा आराेपित गिरफ्तार
देवरिया, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में भलुअनी थाना क्षेत्र में हुए मनीष सिंह उर्फ मोनू हत्याकांड में पुलिस ने वांछित एक और आरोपित को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्राधिकारी बरहज ने रंजना सचान ने बताया कि बीते दिनाें वार्ड नंबर सात तिलक नगर भलुअनी निवासी मनीष सिंह उर्फ मोनू निजी काम से भलुअनी चौराहे से घर लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान चाइना अंसारी, अंबुज विश्वकर्मा, जयकिशन यादव और नागेश यादव ने पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मनीष की मौत हो गई।
क्षेत्राधिकारी बरहज ने बताया कि मृतक के भाई उपेंद्र सिंह की तहरीर पर भलुअनी थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने मंगलवार को जयकिशन यादव (25) पुत्र रमेश यादव निवासी वार्ड नंबर सात तिलक नगर को मुखबिर की सूचना पर गांधी चौक से करौंदी मार्ग पर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मनीष हत्याकांड मामले में चाइना अंसारी और अंबुज विश्वकर्मा को पूर्व में ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
सीओ ने बताया कि आराेपित के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक आशीष कुमार तिवारी, कांस्टेबल अरविंद यादव, विश्वजीत राजभर, विनोद यादव, ओमकार यादव तथा महिला आरक्षी बैदेही मोदनवाल और विजयलक्ष्मी शामिल रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

