देवरिया : शराब के नशे में गाली-गलौज करने पर भतीजे ने फावड़े से किया वार, चाचा की मौत
देवरिया, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में खुखुंदू थाना क्षेत्र के पिपरा खेमकरन गांव में शनिवार रात शराब के नशे में घर पहुंचे संदीप राजभर (पुत्र तेज बहादुर राजभर) की उसके भतीजे ने फावड़े से सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल संदीप को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील सिंह ने बताया कि
संदीप राजभर शराब के नशे में घर पहुंचकर गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान उसके भतीजे ने उसके सिर पर फावड़े से वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद संदीप को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इस मामले में वादिनी गुड्डी राजभर की तहरीर पर खुखुंदू थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपित भतीजे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) ने बताया कि मामले में अभियोग पंजीकृत कर आरोपित को हिरासत में लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

