home page

देवरिया हत्याकांड का खुलासा: दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
देवरिया हत्याकांड का खुलासा: दो आरोपित गिरफ्तार


देवरिया हत्याकांड का खुलासा: दो आरोपित गिरफ्तार


देवरिया, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के महुआडीह थाना क्षेत्र के रामपुर बनहर गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुदाल भी बरामद कर ली है। यह घटना पारिवारिक विवाद के दौरान हुई, जिसमें एक महिला की जान चली गई थी।

शुक्रवार की शाम पुलिस लाइन स्थित प्रेक्षागृह में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने पत्रकारों से बताया कि घटना 15 अप्रैल 2026 के रात की है, जब गांव के दो सगे पट्टीदारों के परिवारों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। उन्हाेंने बताया कि राज विश्वकर्मा, हरेराम विश्वकर्मा और मोनी विश्वकर्मा ने मिलकर रविता देवी (पत्नी उमेश विश्वकर्मा) पर कुदाल से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। घायल अवस्था में परिजन उन्हें तत्काल एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज देवरिया ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बन गया था। इस मामले में मृतका के बेटे शिव विश्वकर्मा की तहरीर पर थाना महुआडीह में 16 अप्रैल 2026 को मुकदमा बीएनएस के तहत तीन आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने 17 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर खड़ाईच मोड़ के पास से दो अभियुक्तों—राज विश्वकर्मा (23) और मोनी विश्वकर्मा (24) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान राज विश्वकर्मा की निशानदेही पर लीलापुल सीएचसी के पास एक बगीचे से घटना में प्रयुक्त कुदाल बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि मामले में तीसरे आरोपी हरेराम विश्वकर्मा की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक