देवरिया : शादी का झांसा देकर सात साल तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, युवक गिरफ्तार
देवरिया, 13 नवंबर (हि.स.)। । गौरीबाजार थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से करीब सात साल तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार कर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार काे एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मठिया माफी गांव निवासी उपेंद्र पटेल (24) के रूप में हुई है।
सीओ रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उपेंद्र पटेल ने उसे शादी का भरोसा देकर करीब सात वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर गौरीबाजार थाने मे मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 12 नवंबर को आरोपित उपेंद्र पटेल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय, महिला उपनिरीक्षक संध्या यादव और महिला कांस्टेबल सुगंधा सिंह शामिल रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

