कार की डिग्गी में छिपाकर 11 पेटी शराब ले जा रहे दो गिरफ्तार
देवरिया, 01 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में लार थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक वैगनार कार से मंगलवार को 11 पेटी अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने मौके से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित यह शराब कार की डिग्गी में छिपाकर बिहार ले जा रहे थे।
देवरिया के पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने बताया कि लार पुलिस ने बीती रात संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान वैगनार कार संख्या BR 06DW 5882 को रोका।
तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से ऑफिसर च्वाइस फ्रूटी की पांच पेटी (240 फ्रूटी, प्रत्येक 180 एमएल), आरएस की दो पेटी (24 बोतल, प्रत्येक 750 एमएल), आरएस की एक पेटी (24 बोतल, प्रत्येक 375 एमएल) तथा किंगफिशर बीयर की तीन पेटी (36 केन, प्रत्येक 500 एमएल) बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से अरुण कुमार सिंह (47) पुत्र लखेंद्र सिंह और बालेंद्र सिंह (45) पुत्र मुद्रिका सिंह, दोनों निवासी मोहम्मदपुर, थाना मोतीपुर, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) को गिरफ्तार किया।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

