देवरिया : बिहार जा रही 306 लीटर अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
देवरिया, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद की खामपार थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार जा रही 306 लीटर अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार करते हुए एक बिना नंबर प्लेट की कार भी कब्जे में ली है।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि बीती देर रात सोमवार को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक वाहन से शराब की खेप बिहार ले जाई जा रही है। इस सूचना पर खामपार थाना पुलिस ने निर्माणाधीन ओवरब्रिज छपिया के पास घेराबंदी कर एक कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से कुल 33 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। इसमें 1056 पाउच देशी शराब 'बंटी बबली', 152 पाउच अंग्रेजी शराब 'आफ्टर डार्क', 288 पाउच अंग्रेजी शराब '8 पीएम' तथा 48 पाउच जीआर8 टाइम्स वोडका शामिल हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा 306 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.22 लाख रुपये आंकी गई है।
एएसपी ने बताया कि इस मामले में
पुलिस ने मोहम्मद सुल्तान (32) निवासी पटना तथा गगनदीप (21) निवासी सिवान, बिहार को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ थाना खामपार में आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार, कांस्टेबल उमेश यादव और कांस्टेबल सुनील गुप्ता शामिल रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

