देवरिया : दहेज हत्या मामले में पति गिरफ्तार
देवरिया, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में रुद्रपुर थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित आरोपित पति को बुधवार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित को कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।
क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सतेन्द्र राय
ने बताया कि, जोकहा खास निवासी मनोज यादव ने 1 अगस्त 2026 को तहरीर देकर बताया था कि उसकी बहन रिशु यादव की शादी 6 दिसंबर 2020 को शीतलमांझा निवासी उपेंद्र यादव से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर बहन रिशु को लगातार प्रताड़ित करते थे। कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास भी किया गया, लेकिन उत्पीड़न नहीं रुका। वादी का आरोप है कि 31 जुलाई 2026 को दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने रिशु यादव की हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर तत्काल रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटना के बाद से आरोपित पति उपेंद्र की तलाश की जा रही थी, जिसे आज गिरफ्तार कर लिया गया। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक श्रीकृष्णकांत, मुख्य आरक्षी विनोद शर्मा तथा महिला आरक्षी काजल गुप्ता, गुंजा यादव और कंचन यादव शामिल रहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

