home page

देवरिया: ट्रेन में मानव तस्करी का खुलासा, दो तस्कर गिरफ्तार, तीन नाबालिगों को बचाया गया

 | 
देवरिया: ट्रेन में मानव तस्करी का खुलासा, दो तस्कर गिरफ्तार, तीन नाबालिगों को बचाया गया


देवरिया, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में मानव तस्करी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सतर्कता से ट्रेन में तीन नाबालिगों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने बीती रात जारी प्रेस नोट में बताया कि

यह सफलता ट्रेन संख्या 15909 में छपरा से गोरखपुर के बीच स्कॉर्ट ड्यूटी के दौरान अर्जित की गई। स्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को जिरादेई स्टेशन के पास जनरल कोच में दो नाबालिग लड़कियां, एक नाबालिग लड़का और दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पूछताछ में नाबालिगों ने बताया कि दोनों आरोपित उन्हें शादी और मजदूरी का झांसा देकर गुवाहाटी से दिल्ली होते हुए कश्मीर ले जा रहे थे। यह भी खुलासा हुआ कि उन्हें बांग्लादेश बॉर्डर पार कराकर भारत लाया गया था।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सद्दाम हुसैन (26) और जाहीर हुसैन उर्फ जाहिद हुसैन (38) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से म्यांमार निवासी बताए जा रहे हैं, जो अलग-अलग स्थानों पर रह रहे थे और मानव तस्करी में संलिप्त थे।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि

सुरक्षाकर्मियों ने सभी को देवरिया के एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना (AHT) के सुपुर्द कर दिया। वहां पूछताछ के दौरान आरोपितों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) व विदेशी अधिनियम 1946 की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया।

बचाए गए नाबालिग लड़के को गोरखपुर के राजकीय बाल सुधार गृह में भेजा गया है, जबकि दोनों नाबालिग लड़कियों को बाराबंकी के नारी संरक्षण गृह में सुरक्षित रखा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक