देवरिया जीआरपी ने मोबाइल लूट और चोरी के एक आरोपित को किया गिरफ्तार
देवरिया, 02 अगस्त (हि.स.)। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी देवरिया ने रविवार को मोबाइल लूट और चोरी के एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे रामकृष्ण भारद्वाज तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देशन में की गई।
जीआरपी पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सविरत्न गौतम ने बताया कि जीआरपी थाना देवरिया की टीम ने माल गोदाम रेलवे स्टेशन देवरिया सदर से जिले के थाना भलुअनी के हाटा निवासी अखिल सिंह उर्फ हंटर सिंह (23) पुत्र अनिल सिंह को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपित से पूछताछ में पता चला है कि उसने 24 जुलाई 2026 को देवरिया सदर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 स्थित एक दुकान से एक मोबाइल फोन लूटा/चोरी किया था। उसने यह भी बताया कि घटना के बाद वह मोबाइल उससे कहीं गिर गया था। पुलिस आरोपित के बयान के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने बताया कि जीआरपी ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में पहले से दर्ज मुकदमे में गिरफ्तारी दर्शाते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजीव सिंह, हेड कांस्टेबल गिरधर चौहान, कांस्टेबल सूरज राम तथा आरपीएफ पोस्ट देवरिया के कांस्टेबल नित्यानंद शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से रेलवे क्षेत्र में चोरी और लूट जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

