देवरिया: हत्या मामले में तीन महिलाओं समेत आठ आरोपित गिरफ्तार
देवरिया, 07 जुलाई (हि.स.)। जिले की रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में रास्ते के विवाद में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार काे कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं समेत कुल आठ आरोपिताें को गिरफ्तार किया हैं। आरोपिताें के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू, एक लोहे का पाइप और दो डंडे भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि रामपुर कारखाना पुलिस ने सूचना पर बरईपुर खास से विशुनपुर चिरकिहवा जाने वाले तिराहे के पास स्थित पुलिया से सभी आरोपिताें को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान अनुज कुमार सिंह, हितेश सिंह उर्फ आर्यन उर्फ भोलू सिंह, प्रेम सिंह उर्फ प्रदीप सिंह, गिरिजेश सिंह, गोरख सिंह, रानी देवी, दुर्गावती और सुभावती देवी उर्फ प्रभा देवी के रुप में हुई हैं। सभी आरोपिताें नौतन हथियागढ़, थाना रामपुर कारखाना के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, तीन जुलाई को रास्ते के विवाद को लेकर हुई मारपीट में राजू विश्वकर्मा उर्फ चंदन की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक की पत्नी प्रीति शर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की अतिरिक्त धाराएं तथा आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने सभी आरोपिताें को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

