देवरिया : टेंपो के बॉक्स में छिपाकर बिहार ले जा रहा था देशी शराब, चालक गिरफ्तार
देवरिया, 28 अक्टूबर (हि.स.)। बनकटा थाना पुलिस ने बुधवार को चेकिंग के दौरान एक तीन पहिया वाहन टेंपो से 72 लीटर देशी शराब बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार किया। टेंपो में नीचे की तरफ विशेष बॉक्स बनाकर शराब छिपाई गई थी। पुलिस के अनुसार, शराब बिहार ले जाई जा रही थी।
क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार ने बताया कि बनकटा थाना पुलिस बुधवार को संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इंगुरी सराय स्थित रेलवे अंडरपास के पास एक टेंपो से शराब ले जाई जा रही है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने टेंपो संख्या बीआर 28 पी 2934 की जांच की। तलाशी के दौरान टेंपो के नीचे बनाए गए बॉक्स में छिपाकर रखे गए बंटी-बबली ब्रांड के 360 पाउच देशी शराब बरामद हुए। प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब थी। इस तरह कुल 72 लीटर शराब बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि टेंपो चालक मुन्ना हवारी (36) पुत्र चांद मोहम्मद हवारी निवासी ग्राम छाप, थाना मीरगंज, जिला गोपालगंज, बिहार को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में बनकटा थाने मे आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार और कांस्टेबल अखंड प्रताप सिंह शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

