देवरिया: गन्ने के खेत में मानव सिर का कंकाल मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस
देवरिया, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया में जिले के बनकटा थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सुंदरपुर मिसरौली गांव स्थित एक गन्ने के खेत से मानव सिर का कंकाल बरामद हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया।
क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि, 14 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि सुंदरपुर मिसरौली गांव के एक गन्ने के खेत में मानव सिर का कंकाल पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही बनकटा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। इसके बाद क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। उन्होंने बताया कि
पुलिस ने घटनास्थल से बरामद सभी वस्तुओं को कब्जे में लेकर सुरक्षित कर लिया है। मानव सिर के कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि उसकी वैज्ञानिक जांच के आधार पर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सके। साथ ही कंकाल की पहचान कराने के लिए आसपास के क्षेत्रों से गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है और अन्य आवश्यक जांच भी की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि गन्ने के खेत से मानव सिर का कंकाल मिलने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की है। फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलित किए गए हैं तथा बरामद कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उसकी पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

