home page

देवरिया : डीआईजी ने अपराध नियंत्रण की समीक्षा कर दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

 | 
देवरिया : डीआईजी ने अपराध नियंत्रण की समीक्षा कर दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश


देवरिया, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर परिक्षेत्र के डीआईजी एस. चन्नप्पा ने मंगलवार रात 11 बजे देवरिया के पुलिस लाइन सभागार में अपराध नियंत्रण करने के लिए जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। उन्होंने हत्या, लूट, डकैती, दुष्कर्म, चोरी और नकबजनी जैसे गंभीर मामलों में वांछित आरोपिाताें की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। । इसके बाद एसपी अभिजित आर. शंकर के साथ शहर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया।

डीआईजी ने महिला और बाल अपराधों की जांच संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरी करने पर जोर दिया। उन्होंने मिशन शक्ति 5.0 फेज-II के तहत महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए चल रही गतिविधियों को और प्रभावी बनाने को कहा। शक्ति दीदी और महिला पुलिसकर्मियों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कराने के निर्देश दिए।

साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए डीआईजी ने शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने को कहा। साइबर ठगी के पीड़ितों की रकम को समय रहते होल्ड कराने और वापस दिलाने के प्रयास तेज करने के साथ हेल्पलाइन नंबर 1930 का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। एनडीपीएस एक्ट, गो-तस्करी, अवैध शराब और जुआ-सट्टे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को भी कहा।

उन्होंने फरार और इनामी आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने, लंबित विवेचनाओं को जल्द पूरा करने तथा आईजीआरएस और जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था सुधारने, रात में गश्त और चेकिंग बढ़ाने तथा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

डीआईजी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर लगातार नजर रखने और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। अपराध गोष्ठी समाप्त होने के बाद उन्होंने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया। इसके बाद एसपी अभिजित आर. शंकर के साथ शहर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीआईजी ने सुभाष चौक और सहकारी चौराहा समेत प्रमुख स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी देखी और अधिकारियों को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक