home page

देवरिया में ईओ के अपहरण की कोशिश और मारपीट का आरोप, दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज

 | 
देवरिया में ईओ के अपहरण की कोशिश और मारपीट का आरोप, दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज


चार करोड़ के टेंडर को लेकर विवाद, अध्यक्ष की तहरीर पर 17 और ठेकेदार की शिकायत पर 52 लोगों के खिलाफ केस

देवरिया, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पथरदेवा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) हिमांशु प्रताप सिंह के अपहरण की कोशिश और मारपीट के मामले में तरकुलवा थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।

नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश सिंह की शिकायत पर पांच नामजद समेत 17 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। वहीं, ठेकेदार धीरज सिंह की तहरीर पर ईओ और नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 52 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। विवाद की वजह नगर पंचायत में करीब चार करोड़ रुपये के विकास कार्यों के टेंडर को लेकर चल रही खींचतान बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश सिंह ने तरकुलवा थाने में दी गई तहरीर में धीरज सिंह, करुणेश, विकास, निलेश शुक्ला और विवेक दुबे को नामजद किया है। इसके अलावा 12 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। शिकायत के अनुसार, आठ अक्टूबर की रात पथरदेवा चौराहे पर ईओ हिमांशु प्रताप सिंह को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की गई। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल होकर बेहोश हो गए।

इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 352, 115(2), 190, 110 और 351(3) समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

दूसरी ओर, ठेकेदार धीरज सिंह ने अपनी तहरीर में ईओ और नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 52 लोगों पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस ने उनकी शिकायत पर भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुक्रवार रात करीब 11 बजे दोनों पक्षों की ओर से कार्रवाई की गई।

थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने शनिवार को बताया कि दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में हिरासत में लिए गए दोनों युवकों और वाहन को छोड़ दिया गया है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक