home page

देवरिया : लापरवाह चार होमगार्डों के खिलाफ केस दर्ज

 | 
देवरिया : लापरवाह चार होमगार्डों के खिलाफ केस दर्ज


देवरिया, 14 सितंबर (हि.स.)। देवरिया बाल गृह बालक से दो बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों बच्चे करीब पांच दिन पहले गांधी उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने के लिए गए थे। स्कूल की छुट्टी होने के बाद दोनों बाल गृह वापस नहीं लौटे। काफी देर तक बच्चों के नहीं पहुंचने पर बाल गृह प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने दोनों बच्चों की तलाश शुरू कर दी है।

मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ने बाल गृह का अचानक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और बच्चों की निगरानी में बरती गई लापरवाही पर नाराजगी जताई। जांच के दौरान बाल गृह में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की भूमिका की भी पड़ताल की गई।

जांच में बच्चों की सुरक्षा में होमगार्डों की लापरवाही सामने आने पर चार होमगार्डों के खिलाफ साेमवार काे केस दर्ज कराया गया है। वहीं ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड को तत्काल हटा दिया गया। कार्रवाई के बाद बाल गृह प्रशासन में हलचल मच गई है।

प्रशासन ने प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी (डीपीओ) स्कंद मिश्रा से उनका चार्ज भी वापस ले लिया है। इसके साथ ही वार्डन और प्रभारी डीपीओ के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। अधिकारियों ने बाल गृह की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा बच्चों की निगरानी में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।

लापता दोनों बच्चों की तलाश के लिए प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें जुटी हुई हैं। उनके स्कूल जाने से लेकर बाल गृह वापस नहीं लौटने तक की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी ने बताया कि बच्चों के सुरक्षित बरामद होने के लिए संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है। मामले में जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक