देवरिया : युवती को गाड़ी में बैठाकर ले जाने का प्रयास, विरोध पर छोड़कर हुए फरार
देवरिया, 26 सितंबर (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया कस्बे सलेमपुर से देवरिया घर लौट रही युवती को सोनूघाट से उसके पूर्व परिचित ने घर छोड़ने के बहाने गाड़ी में बैठा लिया। युवती को आशंका हुई कि उसे घर ले जाने के बजाय कहीं और ले जाया जा रहा है। इस पर उसने विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपित युवती को गाड़ी में छोड़कर अपने साथी के साथ फरार हो गया ।
क्षेत्राधिकार नगर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि युवती अपने दोस्त अभिषेक यादव के साथ सलेमपुर से देवरिया आ रही थी। अभिषेक उसे सोनूघाट पर छोड़कर सलेमपुर लौट गया। युवती घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान उसका पूर्व परिचित विकास यादव वहां पहुंचा और घर छोड़ने की बात कहकर उसे अपनी गाड़ी में बैठा लिया। कुछ दूर जाने के बाद युवती को संदेह हुआ तो उसने विरोध करते हुए शोर मचाया। इसके बाद विकास यादव और उसका साथी युवती को गाड़ी में छोड़कर फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर युवती को थाने लाई। परिजनों को सूचना दी गई। युवती की तहरीर पर शनिवार को कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

