देवरिया में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का आरोप, 73 पासपोर्ट के साथ एजेंट गिरफ्तार
देवरिया, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर लोगों के पासपोर्ट और अभिलेख लेकर कथित रूप से अवैध तरीके से विदेश भेजने का कार्यालय संचालित करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने मंगलवार काे एक एजेंट को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 73 पासपोर्ट और गैर-गल्फ हेल्थ काउंसिल (जीएचसी)मेडिकल रसीदें बरामद की हैं।
काेतवाली प्रभारी शशिभूषण राय के अनुसार, अमेठी मंदिर, खोराराम रोड स्थित ओम साई टेक्निकल टेस्ट सेंटर के नाम से बिना वैध लाइसेंस के विदेश भेजने का कार्यालय संचालित हाेने की सूचना मिली थी। आरोप है कि यहां लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बुलाया जाता था। उनसे पासपोर्ट और अन्य अभिलेख प्राप्त करने के साथ धनराशि भी ली जाती थी।
सूचना के आधार पर 23 नवंबर को कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर थाना के फतेहपुर टाेला गिदहा निवासी अजय प्रताप सिंह (43) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कार्यालय से 73 पासपोर्ट और ऐसी मेडिकल रसीदें बरामद कीं, जो गल्फ हेल्थ काउंसिल (जीएचसी) से अधिकृत रूप से पंजीकृत नहीं होने वाली पैथोलॉजी से संबंधित बताई गई हैं। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कोतवाली में आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी और उत्प्रवास अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

