देवरिया : हत्या के प्रयास में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
देवरिया, 01 सितंबर (हि.स.)। कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक अभियुक्त को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनन्द कुमार पाण्डेय ने बताया कि कोतवाली पुलिस को मिली सूचना पर रेलवे स्टेशन मालगोदाम के पास से मधवापुर निवासी प्रहलाद राजभर (36) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को थाना क्षेत्र की एक महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि प्रहलाद राजभर ने उसकी मां को गाली देते हुए जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया। तहरीर के आधार पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर रेलवे स्टेशन मालगोदाम के पास झाड़ी से घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

