home page

देवरिया : पुलिस मुठभेड़ में गोवध का आरोपित घायल, साथी फरार

 | 
देवरिया : पुलिस मुठभेड़ में गोवध का आरोपित घायल, साथी फरार


देवरिया : पुलिस मुठभेड़ में गोवध का आरोपित घायल, साथी फरार


देवरिया, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में गोवध निवारण अधिनियम के मामले में फरार चल रहे आरोपित को पकड़ने गई भलुअनी पुलिस की मंगलवार को मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया। इस दौरान उसका साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि भलुअनी थाना क्षेत्र में पुलिस टीम को सूचना मिली कि गोवध और पशु क्रूरता अधिनियम के मामले में वांछित हेमराज यादव अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से पकड़ी बाजार की तरफ से नकवाह पुलिया होते हुए बेला रोड पर पहुंचने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने रास्ते में घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद बताए गए हुलिए की मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों में से एक ने पुलिस टीम पर निशाना साधते हुए फायरिंग शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि अचानक हुई फायरिंग से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस टीम ने खुद को बचाते हुए जवाबी कार्रवाई की। इसमें हेमराज यादव के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान बिहार राज्य के हेमराज यादव (20) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। पुलिस ने घटनास्थल से मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।

अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी ने बताया कि पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पुलिस पार्टी पर फायरिंग और अवैध असलहा रखने के आरोप में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आराेपित के खिलाफ पहले से भी गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के मुकदमे दर्ज हैं। इस दौरान हेमराज का एक साथी जयसराज फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक