देवरिया में 50 पेटी अवैध शराब और बीयर बरामद, तस्कर फरार
देवरिया, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद देवरिया की बनकटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान 50 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टाटा नेक्सान कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। बरामद शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 13.50 लाख रुपये आंकी गई है। हालांकि, पुलिस टीम को देखकर तस्कर मौके से फरार हो गये, जिनकी तलाश की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने साेमवार काे बताया कि थाना बनकटा पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि, एक चार पहिया वाहन से अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक कार काे (बीआर 29 बीके9852) राेककर तलाशी ली। इस शाैरान वाहन से 45 पेटी ऑफिसर्स च्वाइस अंग्रेजी शराब और पांच पेटी किंगफिशर एक्स्ट्रा स्पेशल स्ट्रांग बीयर मिली। पुलिस को देखकर वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
एएसपी ने बताया कि बरामद शराब में 180 एमएल के 2160 पाउच शामिल हैं, जिनकी कुल मात्रा 388.8 लीटर है। वहीं, बीयर के 500 एमएल के 120 केन मिले, जिनकी कुल मात्रा 60 लीटर है। इस तरह 448.8 लीटर अवैध शराब और बीयर बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है। तस्करी में प्रयुक्त कार की कीमत करीब 11 लाख रुपये है।
पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर फरार आरोपित की पहचान कर लेने का दावा किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में बनकटा थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

