home page

देवरिया : एटीएम में क्लिप लगाकर रुपये निकालने वाले दो ठग गिरफ्तार

 | 
देवरिया : एटीएम में क्लिप लगाकर रुपये निकालने वाले दो ठग गिरफ्तार


देवरिया, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया की सदर कोतवाली पुलिस ने एटीएम मशीन में छेड़छाड़ कर रुपये निकालने वाले गिरोह के दो आरोपिताें को मंगलवार को सोनूघाट स्थित एसबीआई एटीएम के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से एटीएम में इस्तेमाल होने वाली लोहे की पट्टियां, पेचकस, एटीएम कार्ड और 1600 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि 9 सितंबर को एक व्यक्ति सोनूघाट स्थित एसबीआई एटीएम से पांच हजार रुपये निकालने पहुंचा था। कार्ड डालने और प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी रुपये बाहर नहीं निकले। वह गार्ड को खोजने बाहर गया, तभी तीन युवक एटीएम के अंदर पहुंचे और निकासी द्वार पर लगी लोहे की क्लिप हटाकर पांच हजार रुपये निकाल कर बाइक से फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपित एटीएम के निकासी द्वार पर मशीन के रंग की लोहे की पट्टी लगा देते थे। इससे रुपये बाहर नहीं निकलते थे और ग्राहक के चले जाने के बाद आरोपित क्लिप हटाकर रकम निकाल लेते थे।उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान मन्टू खां (39) निवासी हरपुर महेशपुर, गोपालगंज, बिहार और फखरूद्दीन अंसारी (30) निवासी बभनी बेलवनिया, मदनपुर, देवरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक