डैंटल डाक्टर पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, एफआईआर
शिमला, 16 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिला के पुलिस थाना सुन्नी के अंतर्गत एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां नागरिक चिकित्सालय में तैनात एक डैंटल डाक्टर पर कालेज की छात्रा के साथ लैंगिक उत्पीड़न करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार 19 वर्षीय पीड़िता कॉलेज छात्रा है।
गुरूवार को दिन में वह अपनी सहेली के साथ दांतों का चैकअप करवाने के लिए सुन्नी सिविल अस्पताल गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चैकअप के दौरान अस्पताल के एक डैंटल डाक्टर द्वारा उसके साथ स्वेच्छापूर्वक अनुचित व्यवहार किया गया। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस को दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सुन्नी में तुरंत कार्रवाई की गई और बी.एन.एस. की धारा 75(2) के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास के साक्ष्यों को जुटाते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

