फरार गैंगस्टर रोहित गोदारा के पैतृक मकान पर चला बुलडोजर, कार्रवाई को लेकर रहस्य बरकरार
बीकानेर, 14 जुलाई (हि.स.)। जिले के लूणकरणसर क्षेत्र के कपूरीसर गांव में फरार गैंगस्टर रोहित गोदारा के दो मंजिला पैतृक मकान के एक हिस्से को सोमवार देर रात जेसीबी से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हालांकि यह कार्रवाई किसने और किस आधार पर की, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
कपूरीसर स्थित मकान के पिछले हिस्से को पूरी तरह ढहा दिया गया, जबकि मुख्य हिस्से को भी नुकसान पहुंचाया गया। मकान के दरवाजे और खिड़कियां भी तोड़ दी गईं। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लूणकरणसर कस्बे से करीब 16 किलोमीटर दूर तेजाणा ढाणी में स्थित इस दो मंजिला मकान में लंबे समय से कोई निवास नहीं कर रहा था।
घटना को लेकर बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने कहा कि मामले की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई रिपोर्ट प्राप्त होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि अब तक मकान क्षतिग्रस्त किए जाने संबंधी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि चूरू जिले के रतनगढ़ में कांग्रेस नेता राजेंद्र बबेरवाल से फिरौती मांगने और उन पर फायरिंग के मामले की जांच के दौरान रोहित गोदारा के पिता संतदास और माता गीता का नाम सामने आया था। पुलिस के अनुसार दोनों पर गैंगस्टर को आर्थिक सहायता पहुंचाने का आरोप है। इस मामले में रतनगढ़ पुलिस ने 30 मई को दोनों को गिरफ्तार किया था। बाद में गीता को बीकानेर जेल भेज दिया गया, जबकि संतदास को प्रोडक्शन वारंट पर हरियाणा पुलिस अपने साथ ले गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

