home page

पूर्व सांसद से फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर 50 हजार की मांग, मामला दर्ज

 | 
पूर्व सांसद से फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर 50 हजार की मांग, मामला दर्ज


चालक से 11 हजार लेकर फरार

हमीरपुर, 23 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत के किचन का सामान लेकर लखनऊ से मिनी ट्रक चरखारी आ रहा था। तभी हमीरपुर में बेतवा पुल के पास कथित तौर पर कुछ लोगों ने खुद को जीएसटी अधिकारी बताते हुए ट्रक चालक से 50 हजार रुपये की मांग की। रुपये न देने पर चालक को धमकाया गया और उसकी जेब से 11 हजार रुपये निकालकर आरोपी फरार हो गए। पूर्व सांसद की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चरखारी निवासी पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे उनका किचन का सामान मिनी ट्रक से लखनऊ से चरखारी आ रहा था। बेतवा पुल के पास कुछ लोगों ने चालक को रोककर खुद को जीएसटी अधिकारी बताया और 50 हजार रुपये की मांग की। चालक ने जब कहा कि उसके पास रुपये नहीं हैं और सामान के मालिक से बात करा देता है, तो कथित अधिकारी ने अपना नाम हर्षित यादव बताया। पूर्व सांसद के अनुसार उन्होंने जब जीएसटी अधिकारियों से हर्षित यादव नाम के व्यक्ति के बारे में जानकारी की तो उन्होंने ऐसे किसी अधिकारी के होने से इनकार किया। इसके बाद कथित आरोपी ने चालक को डराया धमकाया और उसकी जेब से 11 हजार रुपये निकालकर फरार हो गया। पूर्व सांसद ने जीएसटी अधिकारियों को भी घटना से अवगत कराया है। सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बुधवार को शाम बताया कि पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत की तहरीर पर मुकदमा लिखा गया है। जांच कराई जा रही है। जल्द ही जांच के बाद नटवरलालों को गिरफ्तार किया जाय़ेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा