home page

महिला ने पति समेत सुसरालियों पर लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप, आठ पर केस दर्ज

 | 
महिला ने पति समेत सुसरालियों पर लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप, आठ पर केस दर्ज


मुरादाबाद, 08 सितम्बर (हि.स.)। महानगर के थाना मझोला क्षेत्र निवासी विवाहिता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर थाना नागफनी क्षेत्र निवासी पति समेत सुसरालियों पर दहेज में पांच लाख और बाइक की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही पीड़िता का आरोप है कि उसके नंदोई नागफनी निवासी उस्मान अली ने उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लीलता की। इसकी शिकायत करने पर पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। मामले में एसएसपी सतपाल अंतिल के आदेश पर मंगलवार को थाना मझोला पुलिस ने पति समेत आठ ससुरालियों पर केस दर्ज किया है।

मझोला थाना के ट्रांसपोर्ट नगर चौकी क्षेत्र निवासी महिला ने बीते दिनों एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसका निकाह 13 जून 2025 को नागफनी के दसवां घाट क्षेत्र निवासी युवक से हुआ था। निकाह में करीब 25 लाख रुपये मायके वालों ने खर्च किए। पीड़िता के अनुसार, इसके बावजूद पति, सास, जेठ, नंदोई, ननद आदि ने दहेज से खुश नहीं थे। सभी ने निकाह के बाद से बाइक और 5 लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। एक अक्टूबर 2025 को शाम पांच बजे आरोपिताें ने मारपीट कर गर्भावस्था में घर से निकाल दिया। इसकी शिकायत पुलिस में की तो नारी उत्थान केंद्र में समझौता करके ससुराल वाले साथ ले गए। लेकिन उनका व्यवहार नहीं बदला।

पीड़िता के अनुसार, ससुराल में नंदोई ने उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लीलता की। बीते 29 अगस्त को दोपहर करीब दो बजे आरोपित ससुरालियों ने उसे गले में दुपट्टे का फंदा बांधकर जान से मारने की कोशिश की। चीख-पुकार मचने पर मोहल्ले की दो महिलाओं ने आकर बचाया और मायके में सूचना दी। पीड़िता के अनुसार 30 अगस्त को उसके माता-पिता आए तो पति ने उनके सामने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। शिकायत पर एसएसपी ने मझोला पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए थे।

थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित पति, नंदोई, जेठ, सास समेत आठ आरोपितों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारीपीट, छेड़छाड़, तीन तलाक समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल